धनबाद: अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में व्यापक जांच अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डाबाजी और शराब सेवन के आरोप में 17 लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और मार्गों पर बैरिकेडिंग कर कुल 1345 वाहनों की जांच की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ वाहनों में सवार लोगों की तलाशी और पहचान का सत्यापन भी किया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई स्थानों पर अचानक जांच की गई।
ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष कार्रवाई
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में सिटी सेंटर और सरायढेला क्षेत्र में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लोगों के वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया और नियमानुसार कार्रवाई की गई।
चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी
अभियान के दौरान चोरी, वाहन चोरी, अवैध शराब और लॉटरी कारोबार से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर वांछित आरोपियों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों की तलाश की।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार दबाव बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि अड्डाबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, नशे में वाहन चलाने और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















