गिरिडीह: ताराटांड़ थाना क्षेत्र के अमरे गांव स्थित अलेटांड़ में पलाश के पेड़ के पास एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान करीब 35 वर्षीय बुधनी टुडू के रूप में हुई है। वह महजोरी गांव निवासी डिस्को मुर्मू की पत्नी बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने पेड़ के पास महिला का शव पड़ा देखा, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना ताराटांड़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
















