धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद काजू बगान में शनिवार को एक बार फिर जमीन धंसने से गोफ बनने की घटना सामने आई। गोफ बनने के बाद पास के तालाब का पानी तेजी से जमीन के अंदर समाने लगा, जिससे आसपास के लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी इलाके में कुछ दिन पहले भी गोफ बना था। उस समय तालाब का पानी जमीन में समा गया था, जिसके बाद बीसीसीएल की ओर से गोफ की भराई कराई गई थी। इसके बावजूद दोबारा गोफ बनने से लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आसपास बड़ी आबादी रहती है और लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों ने संबंधित विभाग और बीसीसीएल से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने तथा स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
बताया गया कि इससे पहले 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी छाताबाद के अलग-अलग हिस्सों में भू-धंसान की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में कई घर प्रभावित हुए थे और कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा था।
लगातार सामने आ रही गोफ और भू-धंसान की घटनाओं ने छाताबाद क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन और संबंधित विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएं।
















