धनबाद: जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अगस्त महीने में नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,001 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए करीब 69 लाख रुपये का चालान किया गया।
ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान में 85 वाहन जब्त किए गए। इन मामलों में न्यायालय की ओर से कुल 9 लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रॉन्ग साइड पार्किंग के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई तेज की। अगस्त में 579 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि जुलाई में यह संख्या 157 थी। वहीं हेलमेट जांच के दौरान 759 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 7 लाख 59 हजार रुपये का चालान किया गया।
सड़क हादसों और मौतों में कमी
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के बीच सड़क हादसों के आंकड़ों में भी कमी दर्ज की गई। जुलाई में जिले में 42 सड़क हादसे हुए थे, जिनमें 35 लोगों की मौत हुई थी। अगस्त में हादसों की संख्या घटकर 30 रह गई।
इसी तरह हादसों में मौतों की संख्या भी 35 से घटकर 22 हो गई। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई की तुलना में अगस्त में सड़क हादसों में करीब 28 प्रतिशत और मौतों में करीब 37 प्रतिशत की कमी आई।
ऑटो-टोटो चालकों पर भी रहेगी नजर
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और लापरवाही से वाहन चलाने वाले ऑटो-टोटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ आम लोगों की भी जिम्मेदारी है।
















