धनबाद: IIT (ISM) धनबाद परिसर में छात्र-छात्राओं की ओर से गणेश उत्सव भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। इस बार पूजा में ओडिशा की पारंपरिक रीति-रिवाज और संस्कृति की खास झलक देखने को मिल रही है।
पूजा समिति के सदस्य और पीएचडी छात्र तुषारकांति राउत ने बताया कि भगवान गणेश को मोदक के साथ ओडिशा की परंपरा के अनुसार खीर का प्रसाद भी अर्पित किया जा रहा है। वहीं, गणेश प्रतिमा में सूंड दाहिनी ओर होने को भी पूजा की प्रमुख विशेषताओं में बताया गया है।
उन्होंने कहा कि कलिंग समाज के छात्रों ने IIT (ISM) प्रबंधन और संस्थान के विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार जताया। यह सात दिवसीय गणेश उत्सव है, जिसमें धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों के जरिए छात्रों और परिसर से जुड़े लोगों को ओडिशा की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
गणेश उत्सव को लेकर कैंपस में छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह है। पूरा परिसर गणपति बप्पा के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज रहा है।
















