कतरास: कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कतरास बाजार क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टोटो, स्कूली वाहनों और मालवाहक वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।
नाबालिग बाइक चालकों पर कार्रवाई
वाहन जांच के दौरान नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना लाया गया। पुलिस के अनुसार, संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अचानक हुई जांच से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
सड़क किनारे दुकानदारों को भी निर्देश
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस ने थाना चौक से बस अड्डा गुहीबांध तक सड़क के दोनों किनारों पर लगी सब्जी दुकानों का भी निरीक्षण किया। दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने और निर्धारित स्थान से पीछे हटकर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया।
पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और अतिक्रमण के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
















