धनबाद: अवैध कोयला खनन, चोरी, भंडारण और परिवहन के खिलाफ CISF ने धनबाद कोयलांचल में विशेष अभियान चलाया। “जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी” के तहत BCCL प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से संवेदनशील इलाकों में छापेमारी, ड्रोन निगरानी और वाहनों की जांच की गई।
CISF के अनुसार, अभियान के दौरान 15 संवेदनशील स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 2.42 टन अवैध कोयला, सात बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और दो साइकिल बरामद की गईं।
आशाकाठी और वन क्षेत्र में कार्रवाई
CISF के मुताबिक, आशाकाठी के 7A पैच माइन में सुबह करीब छह बजे छापेमारी के दौरान सात बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और करीब 300 किलोग्राम अवैध कोयला बरामद हुआ। मामले में MMDR एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, कोल डंप क्षेत्र से दो साइकिल और करीब 120 किलोग्राम कोयला बरामद किया गया। प्लासिया और केथरडीह वन क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान करीब दो टन अवैध कोयला जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
भुटु बाबू बंगला भू-धंसान क्षेत्र पर निगरानी
CISF ने भुटु बाबू बंगला भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिति पर भी निगरानी रखी। जानकारी के अनुसार 11 सितंबर को सुरक्षा अधिकारियों ने AKWMC कोलियरी के सिम-3 बंद भूमिगत माइंस और भू-धंसान क्षेत्र का निरीक्षण किया था।
असुरक्षित क्षेत्र के कारण लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध नहीं होने पर नीचे से OB डालकर रैट-होल भरने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 12 सितंबर को विभागीय माइंस से निकाले गए OB से रैट-होल भरने का कार्य किया गया।
13 सितंबर को क्षेत्र में दोबारा भू-धंसान की सूचना मिलने के बाद कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई। क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी रहने की जानकारी दी गई है।
रामकनाली में कथित अवैध खनन की शिकायत
CISF ने 11 सितंबर को रामकनाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर AMPL Mines के कांटापहाड़ी पैच में कथित अवैध कोयला उत्खनन और कोयले के अवैध भंडारण की शिकायत की। CISF के अनुसार यह क्षेत्र BCCL के खनन क्षेत्र में आता है और DGMS की ओर से खनन के लिए असुरक्षित घोषित किया जा चुका है।
158 कोयला लदे वाहनों की जांच
कोयला परिवहन पर निगरानी के लिए प्रमुख चेकपोस्ट, रेलवे साइडिंग, कोल डंप और परिवहन मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 158 कोयला लदे वाहनों की जांच की गई, जबकि 130 वाहनों का M-Parivahan ऐप के जरिए सत्यापन किया गया।
CISF के अनुसार, जांच के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि या दस्तावेजों में अनियमितता नहीं मिली।
इसके अलावा जहाजटांड़ बस्ती और लायकडीह वाशरी गेट के सामने चल रहे धरना-प्रदर्शन को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
CISF ने बताया कि अवैध कोयला खनन और चोरी के खिलाफ ड्रोन सर्विलांस, QRT, सघन गश्त, वाहन जांच और सूचना आधारित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















