कतरास: कतरास कॉलेज के समीप स्थित जर्जर भवन को हटाने और आगामी दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर बीबीएमकेयू बाघमारा विधायक प्रतिनिधि एवं युवा नेता चित्तरंजन कुमार सिंह ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलपति, रजिस्ट्रार, धनबाद उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को अलग-अलग ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि कॉलेज के समीप स्थित जर्जर भवन के पास GNM ग्राउंड में दुर्गापूजा और मेले का आयोजन होता है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और भारी झूले समेत कई तरह के मनोरंजन साधन भी लगाए जाते हैं। ऐसे में जर्जर भवन की मौजूदगी से सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
चित्तरंजन कुमार सिंह ने भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने और असुरक्षित पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार जल्द ध्वस्त कर हटाने की मांग की। साथ ही मेले के दौरान भवन के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आग्रह किया।
इसके अलावा GNM ग्राउंड, रानी बाजार, कतरास रेलवे ग्राउंड सहित प्रमुख मेला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती और रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए वॉलेंटियरों की निगरानी और पुलिसकर्मियों के शालीन व्यवहार को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया।
चित्तरंजन कुमार सिंह ने कहा कि जर्जर भवन और दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दोनों ही जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से समय रहते आवश्यक कदम उठाने की अपील की, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
















