बोकारो/चंद्रपुरा: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पश्चिम पल्ली में हुए दोहरे हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है। शुक्रवार को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच करते हुए संभावित वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। SIT फॉरेंसिक टीम से मिले साक्ष्यों के साथ तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों का विश्लेषण कर रही है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
SIT का नेतृत्व कर रहे बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हत्याकांड से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के साथ संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















