धनबाद: गोविंदपुर प्रखंड की मरीचो पंचायत में करीब 35 हाथियों के झुंड के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों ने गांव में कई खेतों में लगी फसलों को रौंद दिया, जबकि एक घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हाथियों के गांव में आने की सूचना मिलने पर जिप सदस्य स्वाति चौधरी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत व उचित मुआवजा दिलाने को लेकर अधिकारियों से बातचीत की।
पीड़ित परिवारों के अनुसार, हाथियों का झुंड जब गांव में पहुंचा, उस समय एक घर में गर्भवती महिला मौजूद थी। स्थिति ऐसी थी कि महिला के लिए तुरंत घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। हालांकि, इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जिप सदस्य स्वाति चौधरी ने प्रशासन और वन विभाग से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा हाथियों से हुए नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।
















