जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित LIC की बिल्डिंग में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी। आग की लपटें देखकर वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद टाटा स्टील के अग्निशमन विभाग को भी जानकारी दी गई। करीब चार दमकल वाहनों और अग्निशमन कर्मियों की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
3 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की तीव्रता अधिक होने के कारण अग्निशमन कर्मियों को करीब तीन घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया। इसके बाद भी आग को पूरी तरह बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का काम जारी रहा।
घटना की जानकारी मिलने पर LIC के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार आग चौथी मंजिल पर लगी थी, जहां कॉन्फ्रेंस हॉल है। शुरुआती तौर पर बड़े नुकसान की संभावना कम जताई गई है, हालांकि बिल्डिंग और सामान को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा।
अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण और कुल नुकसान विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
















