धनबाद: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन सोमवार को धनबाद में भी हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालकर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता पुराने कांग्रेस कार्यालय से मार्च पर निकले। मार्च पुराने डीसी कार्यालय से होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विरोध जताया।
रणधीर वर्मा चौक पर पुतला दहन
रणधीर वर्मा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतलों का दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े सवाल उठाए।
कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और निर्वाचन प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि विरोध मार्च लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर आयोजित किया गया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग रखी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखना और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। वहीं, निर्वाचन आयोग की ओर से यह कहा गया है कि आयोग के भीतर अलग-अलग राय होना निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा है और आधिकारिक फैसले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
















