धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी से जुड़े विवाद का मामला सामने आया है। निमियाघाट निवासी नंदनी कुमारी ने कंपनी की टीम लीडर पर पैसे नहीं देने के कारण उसे कमरे में बंद करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची और युवती सहित संबंधित पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
नंदनी के अनुसार, वह अपनी मौसेरी बहन के जरिए नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी से जुड़ी थी। उसका आरोप है कि कंपनी में काम शुरू करने के लिए उससे करीब 9 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद करीब 37 हजार रुपये के कंपनी प्रोडक्ट खरीदकर उन्हें बाजार में बेचने के लिए कहा गया।
युवती का कहना है कि इतनी रकम देने में असमर्थता जताने के बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद उसने फोन के जरिए परिचितों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसे कमरे से बाहर निकाला गया।
टीम लीडर ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, कंपनी की टीम लीडर पलक महतो ने युवती के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि युवती को उसके परिजनों को बुलाकर उनके हवाले करने की बात कही गई थी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
















