धनबाद: राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे नियमों का उल्लंघन कर खड़े 75 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये का चालान काटा गया।
कई भारी वाहनों की अवैध पार्किंग मिली
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर चलाए गए अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस पदाधिकारी और NHAI की रूट पेट्रोलिंग व्हीकल टीम शामिल रही।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई भारी और व्यावसायिक वाहन हाईवे के किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े थे। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसके बाद टास्क फोर्स ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 75 वाहनों के खिलाफ चालान काटा।
वाहन चालकों को दी गई सड़क सुरक्षा की जानकारी
जुर्माने की कार्रवाई के साथ टीम ने वाहन चालकों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। चालकों को हाईवे या सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई।
प्रशासन का उद्देश्य हाईवे पर यातायात को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है।
















