हजारीबाग: पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी गाय चोरी के मामले में और एक आरोपी नाबालिग के अपहरण से जुड़े मामले में पकड़ा गया है।
कार में रस्सी से बंधी मिली गाय
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि बरही रोड स्थित दीघवा मोड़ के पास से एक गाय चोरी कर स्विफ्ट डिजायर कार (JH01AR-9702) से ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने अलंगीनार मोड़ के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर चितकबरी रंग की गाय रस्सी से बंधी मिली। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान मो. मकबूल अंसारी, मो. शाबीर कुरैशी और मो. मिनहाज के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने गाय चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की। मामले में पदमा ओपी कांड संख्या 342/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस ने गाय के साथ स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।
नाबालिग के अपहरण मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
वहीं, पदमा ओपी कांड संख्या 335/2026 में पुलिस ने सुरज सिंह उर्फ सुरज यादव, निवासी शिवपुर, थाना धनगाई, जिला भोजपुर (बिहार) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला एक नाबालिग के अपहरण से संबंधित है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में कार्रवाई पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
















