धनबाद: सिविल कोर्ट धनबाद परिसर से गुरुवार सुबह 10:30 बजे चलंत लोक अदालत को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिले के न्यायिक पदाधिकारी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, महासचिव जितेंद्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की टीम और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि चलंत लोक अदालत अगले एक महीने तक धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में पहुंचेगी। इस दौरान ग्रामीणों को कानून, उनके अधिकारों, विधिक सहायता और न्याय तक आसान पहुंच से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी कानूनी सहायता
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक न्यायिक सेवाओं और कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाना है। लोगों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, सरकारी योजनाओं और विवादों के वैकल्पिक समाधान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ छोटे-मोटे विवादों के आपसी समाधान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने लोगों से इस पहल का लाभ उठाने की अपील की।
पहले दिन डोलाबर पंचायत पहुंची चलंत लोक अदालत
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनों ने बताया कि पहले दिन चलंत लोक अदालत एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट के नेतृत्व में बलियापुर प्रखंड की डोलाबर पंचायत पहुंची। यहां सैकड़ों ग्रामीणों को कानूनी जानकारी दी गई और मौके पर प्राप्त समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की गई।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विनय कुमार लाल, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पीएस घोष, अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनों, न्यायिक पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की टीम, डालसा कर्मचारी और पीएलवी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
















