नदिया: शांतिपुर स्टेशन पहुंचने से पहले एक युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
ट्रेन के आगे फंसा रहा शव
घटना शांतिपुर के रेलवे गेट नंबर 2 और 3 के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद युवक का शव ट्रेन के आगे फंसा रहा, जिसके कारण शांतिपुर लोकल ट्रेन स्टेशन पहुंचने से पहले ही काफी देर तक खड़ी रही।
ट्रेन में सवार कई यात्री उतरकर रेलवे लाइन के किनारे पैदल अपने गंतव्य की ओर जाते दिखाई दिए। करीब आधे घंटे बाद सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची।
शव हटाने के बाद परिचालन हुआ सामान्य
रेलवे पुलिस ने युवक के शव को ट्रेन के आगे से हटाकर कब्जे में लिया। इसके बाद ट्रेन का परिचालन सामान्य कराया गया। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक दुर्घटनावश ट्रेन की चपेट में आया या उसने जानबूझकर ट्रेन के सामने कदम रखा। रेलवे पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
















