सोनीपत: पति रामकिशन की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पत्नी सरिता से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सरिता ने पति पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। फिलहाल वह दो दिन के पुलिस रिमांड पर है।
विवाद के बाद हत्या का आरोप
पुलिस जांच के मुताबिक, 5 जनवरी की रात रामकिशन और सरिता के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि आधी रात के बाद रामकिशन के सो जाने पर सरिता के कथित प्रेमी सतपाल ने तकिए से उसका मुंह दबाया, जबकि सरिता ने उसके प्राइवेट पार्ट को दबाकर उसकी हत्या कर दी। मामले की जांच जारी है।
परिवार ने जताई अन्य लोगों की भूमिका की आशंका
मृतक के बड़े भाई मेहर सिंह ने सरिता के कई लोगों से संबंध होने का आरोप लगाया है। परिवार की ओर से यह भी दावा किया गया है कि एक व्यक्ति ने सरिता का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया था। इसके अलावा परिवार ने हत्या में अन्य लोगों की भूमिका की आशंका जताते हुए रामकिशन के जमा करीब 5 लाख रुपये गायब होने की बात भी कही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में हत्या के पीछे की वजह, अन्य संभावित आरोपियों और पैसों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आरोपी महिला को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
















