धनबाद: दुर्गापूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए धनबाद पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया।
जाम वाले स्थानों और वैकल्पिक मार्गों की पहचान
निरीक्षण के दौरान संभावित जाम वाले स्थानों को चिह्नित किया गया। पूजा पंडालों और बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए रूट प्लान, ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल पर भी चर्चा की गई।
पुलिस टीम ने स्टील गेट, कोर्ट रोड, सिटी सेंटर, श्रमिक चौक, बैंक मोड़, मटकुरिया, धनसार, जोड़ाफाटक, मनईटांड़, टिकियापाड़ा, रेलवे सिनेमा रोड, पुराना स्टेशन, बरमसिया, झारखंड मैदान, हीरापुर, डीएस कॉलोनी, हिल कॉलोनी और हटिया मोड़ समेत कई इलाकों का जायजा लिया।
भीड़ के अनुसार होगी पुलिस बल की तैनाती
ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव ने बताया कि दुर्गापूजा के दौरान भीड़ के अनुसार प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहनों के रूट में बदलाव कर वैकल्पिक रास्तों से यातायात संचालित कराया जाएगा। सड़क किनारे होने वाली अनावश्यक पार्किंग पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी जय प्रकाश, सार्जेंट राकेश दुबे समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।
















