गोबिंदपुर: लायंस क्लब गोबिंदपुर की ओर से लायंस वर्ल्ड सर्विस वीक के प्रथम दिवस पर युवाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ बालिकाओं के लिए निःशुल्क मार्शल आर्ट प्रशिक्षण भी कराया गया।
चार युवा खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
युवा खेल उपलब्धि सम्मान एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत सीबीएसई ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चार खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता 18 से 23 सितंबर तक विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल, प्रयागराज में आयोजित हुई थी।
सम्मानित खिलाड़ियों में हिमांशु राजवार को अंडर-14 बालक वर्ग की टीम ए में स्वर्ण पदक, मोहम्मद सुफियान नफीस को टीम बी में कांस्य पदक तथा अमन मरांडी और परिमल लेयक को टीम सी में कांस्य पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। सभी खिलाड़ियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।
बालिकाओं को दिया गया मार्शल आर्ट प्रशिक्षण
महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से बालिकाओं के लिए निःशुल्क मार्शल आर्ट प्रशिक्षण का आयोजन भी किया गया। इसमें कराटे, वुशु और ताइक्वांडो के माध्यम से आत्मरक्षा, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और आत्मविश्वास बढ़ाने की ट्रेनिंग दी गई। आगामी जिला, राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाली बालिकाओं को नियमित अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया गया।
लायंस क्लब गोबिंदपुर के अध्यक्ष लायन इसा शमीम ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को सम्मान देना और बालिकाओं को आत्मरक्षा व आत्मविश्वास के लिए सक्षम बनाना समाज के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। क्लब की ओर से आगे भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई।
कार्यक्रम में लायन राकेश कुमार, सचिव, लायन अमन यादव, कोषाध्यक्ष, तथा बोर्ड सदस्य लायन अनुराग प्रदीप और लायन संदीप विश्वकर्मा की सक्रिय सहभागिता रही।
















