धनबाद: विपरीत परिस्थितियों में साहस और सूझबूझ का परिचय देकर 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय मूल के पायलट स्मित मच्छर को धनबाद में अनोखे अंदाज में सम्मान दिया गया। शहर के रणधीर वर्मा चौक पर स्थानीय कलाकार रमेश ठाकुर ने कैनवास पर पायलट का सजीव चित्र बनाकर उनके साहस को सलाम किया।
रंगों के जरिए पायलट के साहस को दी श्रद्धांजलि
कलाकार रमेश ठाकुर ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छर ने जिस धैर्य और सूझबूझ से परिस्थितियों का सामना किया, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर अपनी कला के माध्यम से ऐसे साहस को सम्मान देना उनका प्रयास है।
उन्होंने पायलट के लिए राष्ट्रीय सम्मान दिए जाने की मांग भी की। उनके मुताबिक, स्मित मच्छर का साहस और मानवीय संवेदनाएं लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
लोगों की जुटी भीड़
चित्र बनाने के दौरान रणधीर वर्मा चौक पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद ने कलाकार रमेश ठाकुर को उनकी रचनात्मक पहल के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने भी कलाकार की इस पहल की सराहना की और पायलट के साहस को याद किया।
















