गोमो (धनबाद) : स्कूली बच्चों की सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने डिनोबिली स्कूल, गोमो में स्कूली बसों और अन्य वाहनों की सघन जांच की। यह अभियान धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर DTO दिवाकर सी. द्विवेदी के नेतृत्व में चलाया गया।
जांच के दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 स्कूली वाहनों पर करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं, एक वाहन के पास वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे जब्त कर हरिहरपुर थाना भेज दिया गया। अभियान के दौरान MVI अभय कुमार और शुभम कुमार ने वाहनों के कागजात के साथ-साथ उनके तकनीकी मानकों की भी जांच की।
जांच टीम ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। वाहन चालकों की काउंसिलिंग कर उन्हें निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, मुकुल कुमार समेत परिवहन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।
















