मुरी (रांची): दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल अंतर्गत मुरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन NARCOS’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ की विशेष टीम ने स्टेशन पर छापेमारी कर 40 किलोग्राम गांजा जब्त किया और तस्करी में शामिल तीन युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹20 लाख बताई जा रही है।
प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर संदिग्ध अवस्था में धरे गए आरोपी
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट मुरी और RPF/OP/JAA की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-02 के रांची छोर पर पांच बड़े पिठ्ठू बैग लेकर जा रहे तीन युवकों को संदेहास्पद स्थिति में देखा। संदेह होने पर जब उनके बैगों की सघन तलाशी ली गई, तो उनमें से 5 अलग-अलग पैकेट में पैक किया गया कुल 40 किलो गांजा बरामद हुआ। डीडी (Drug Detection) किट से की गई प्रारंभिक जांच में जब्त पदार्थ के गांजा होने की आधिकारिक पुष्टि हुई।
ओडिशा से बिहार ले जाई जा रही थी गांजे की खेप
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर जिले के रहने वाले सूरज कुमार (19 वर्ष), बीरेन कुमार (20 वर्ष) और सहेंद्र कुमार (19 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की इस बड़ी खेप को संबलपुर (ओडिशा) से ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में थे। आरपीएफ ने जब्त सामान, मोबाइल और तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी (GRP) मुरी के हवाले कर दिया है।
















