रामगढ़/रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी दिवंगत रूपी सोरेन के निधन के बाद शोक व्यक्त करने वाले राजनीतिक दिग्गजों का तांता लगा हुआ है। शनिवार को देश के कई जाने-माने नेता मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) पहुँचे और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
दिग्गज नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को विशेष रूप से नेमरा पहुँचे। यहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके साथ ही दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इसी कड़ी में, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी भी नेमरा पहुँचे और माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कठिन और दुखद समय में तमाम नेताओं ने मुख्यमंत्री और उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की है।
















