धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में सोमवार को कंटिन्यूइंग एजुकेशन एंड आउटरीच (सीई एंड ओ) डिवीजन के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया। संस्थान के निदेशक ने आई2एच बिल्डिंग में नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर संस्थान के कई वरिष्ठ प्रोफेसर और अधिकारी मौजूद रहे।
नए कार्यालय का उद्देश्य शैक्षणिक कार्यक्रमों, पेशेवर प्रशिक्षण और आउटरीच गतिविधियों के संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाना है। इससे उद्योग जगत और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय बेहतर करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला मिश्रा, नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन सेंटर के प्रमुख प्रो. धीरज कुमार, डीन प्रो. केका ओझा, प्रो. रजनी सिंह, प्रो. पार्थसारथी दास, प्रो. भंवर सिंह चौधरी और प्रो. विकास महतो सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
आई2एच बिल्डिंग की पहली मंजिल पर बने इस कार्यालय में डीन और सहयोगी कर्मचारियों के लिए कमरे, प्रोफेसर-इन-चार्ज का कार्यालय, कॉन्फ्रेंस रूम और एमएमएमटीटीपी क्लासरूम की व्यवस्था की गई है।
संस्थान को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन, पेशेवरों से जुड़ाव और उद्योग जगत के साथ सहयोग को मजबूती मिलेगी।
















