बोकारो: वेदांता की ESL स्टील कंपनी में गैस रिसाव की घटना में जान गंवाने वाले गोमिया विधानसभा क्षेत्र के तिलैया निवासी इंजीनियर सोहन महतो के परिजनों को 60 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है। कंपनी प्रबंधन और JLKM के प्रतिनिधियों के बीच करीब 24 घंटे तक चली बातचीत के बाद गुरुवार सुबह 6:30 बजे लिखित समझौता हुआ।
समझौते के अनुसार, अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को दो लाख रुपये दिए गए हैं। शेष 58 लाख रुपये तीन महीने के भीतर परिवार के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को नियोजन देने पर भी सहमति बनी है।
हादसे के बाद कंपनी के मुख्य द्वार पर विरोध-प्रदर्शन और गेट जाम किया गया था। इसके बाद पीड़ित परिवार ने वार्ता की जिम्मेदारी विधायक डॉ. जयराम महतो और JLKM के प्रतिनिधियों को सौंपी। पार्टी की ओर से पूजा महतो, सुनीता महतो, लखी कटियार, सुभाष महतो और शैलेश महतो ने बातचीत का नेतृत्व किया।
विधायक डॉ. जयराम महतो ने सोहन महतो के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुआवजा और नौकरी मिलने से परिवार को सहायता मिलेगी, लेकिन किसी अपने को खोने की भरपाई किसी भी राशि से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि JLKM पीड़ितों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
















