धनबाद: बारामुड़ी स्थित करीब 100 साल पुराना गाड़ियाहाट तालाब बदहाली का सामना कर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग 3,500 की आबादी के लिए यह छठ पूजा और श्राद्ध कर्म जैसे धार्मिक कार्यों का प्रमुख तालाब है। लेकिन इसमें नाली का गंदा पानी गिरने से जल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार मना करने के बावजूद आसपास के घरों से निकलने वाला नाली का पानी तालाब में गिर रहा है। छठ महापर्व के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है। तालाब की सफाई और पानी बदलने के लिए लोग आपस में चंदा जुटाते हैं, मशीनों से गंदा पानी निकलवाते हैं और टैंकरों से पानी भरवाते हैं।
यह इलाका धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 21 में आता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तालाब की सफाई और रखरखाव के लिए निगम की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है।
लोगों ने वार्ड पार्षद, धनबाद विधायक, मेयर और नगर निगम से नियमित सफाई कराने तथा तालाब में नाली का पानी गिरने से रोकने की मांग की है, ताकि छठ व्रती स्वच्छ पानी में भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें।
















