सिंदरी, धनबाद: डोमगढ़ स्थित शिव मंदिर रोड में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भक्तिमय माहौल में हुआ। आयोजन के पहले दिन 26 अक्टूबर को दामोदर छठ घाट से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
पीतांबर वस्त्र धारण किए श्रद्धालु दामोदर नदी से जल लेकर डोमगढ़ के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस यात्रा में सिंदरी, रोहराबांध, रांगामाटी, गौशाला बाजार, कांड्रा, चासनाला और झरिया सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग शामिल हुए।
आचार्य वैद्यनाथ मिश्रा और पंडित मुकेश पुरोहित के सानिध्य में सात वैदिक विद्वान अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार, मंगलवार 27 अक्टूबर से पंचांग एवं वेदी पूजन के साथ कथा का विधिवत शुभारंभ होगा। कथा व्यास पंडित गौरांगी गौरी प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगी।
आयोजन का समापन 2 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके बाद 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
















