धनबाद: केरल में आयोजित 10वीं नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को धनबाद के शेखर रेस्ट हाउस में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व महापौर चंद्रशेखर अग्रवाल ने खिलाड़ियों को पिकलबॉल के जूते और पौधे देकर प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में दीपक कुमार ने 19+ ओपन पुरुष एकल वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। दीपक पासवान और सोनू विश्वकर्मा ने ओपन पुरुष युगल में रजत पदक जीता। वहीं, आदित्य प्रजापति और जिगर विश्वकर्मा ने अंडर-18 पुरुष युगल में रजत पदक अपने नाम किया। सत्यम और रबीउल ने अंडर-14 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
समारोह में झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार, उपाध्यक्ष बी. सुधीर और संयुक्त सचिव गौरव कुमार सहित खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
















