दुमका: जरमुंडी थाना क्षेत्र की पेटसार पंचायत के बरगाछी गांव में एक विशाल जर्जर पीपल का पेड़ गिरने से दो परिवारों के घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में पास स्थित बजरंगबली मंदिर को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के 15 दिन बाद भी पीड़ित परिवारों को प्रशासन की ओर से राहत या मुआवजा नहीं मिला है।
ग्रामीण शंभू मोहली के अनुसार, पेड़ के जर्जर होने और उससे खतरे की आशंका को लेकर पहले ही अंचलाधिकारी को सूचना दी गई थी। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना हुई।
फिलहाल प्रभावित परिवार बांस-बल्लियों के सहारे अस्थायी छत बनाकर रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मलबा हटाने, पीड़ितों को उचित मुआवजा देने और मामले की जांच कराने की मांग की है।
















