धनबाद: बारामूड़ी खटाल समेत जिले के विभिन्न खटालों में रहने वाले परिवारों को बेदखल किए जाने के विरोध में एससी-एसटी-ओबीसी संयुक्त मोर्चा और संविधान बचाओ संघर्ष समिति ने समर्थन जताया है। बुधवार को धनबाद परिसदन में हुई संयुक्त बैठक में दोनों संगठनों ने 4 नवंबर को प्रस्तावित जन-रैली का समर्थन करते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कई गरीब परिवार पशुपालन के जरिए अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में घर और खटाल उजड़ने से उनके सामने आवास और रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। संगठनों ने जिला प्रशासन से बेदखली से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की उचित व्यवस्था करने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता अशोक चंद्रवंशी ने की और संचालन नेहरू हेम्ब्रम ने किया। उपस्थित सदस्यों ने प्रभावित परिवारों के आवास, आजीविका और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को आगे उठाने का निर्णय लिया। साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, मजदूरों, किसानों और युवाओं से 4 नवंबर की रैली में शामिल होने की अपील की गई।
















