कतरास: गुहीबांध सलानपुर स्थित BCCL वर्कशॉप की जर्जर बाउंड्री वॉल शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक गिर गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जबकि दो गुमटियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान गुहीबांध निवासी मुन्ना अंसारी, चौहान पट्टी दास टोला निवासी दीपक दास और गुमटी दुकानदार विकास रवानी के रूप में हुई है। विकास रवानी को पीठ और माथे में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी पान और कोल्ड ड्रिंक की दुकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने मलबे से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने BCCL प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि दीवार लंबे समय से जर्जर थी और इसकी मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मामले की जांच और जर्जर दीवारों की मरम्मत कराने की मांग की है।
















