धनबाद: भूली ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। बैंक ऑफ इंडिया से 20 हजार रुपये निकालकर घर पहुंची सुनीता देवी के घर से रुपये चोरी हो गए। आरोप है कि बैंक से उनका पीछा कर रहा एक युवक मौका पाकर रुपयों से भरा प्लास्टिक लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी ने रुपये और बैंक पासबुक प्लास्टिक में रखकर पलंग पर रख दिए थे। इसी दौरान सफेद टी-शर्ट पहने एक युवक घर में घुसा और प्लास्टिक लेकर भाग निकला। शोर सुनकर उनके पति सुरेश ठाकुर और स्थानीय लोगों ने आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह बाइक से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर भूली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
















