धनबाद: शक्ति मंदिर परिसर में रविवार को लायंस क्लब रघुनाथ खरकिया आई हॉस्पिटल और श्री श्री श्री भगवती जागरण कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ सुबह 9:15 बजे शिविर की शुरुआत हुई।
शिविर में कुल 97 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें 17 मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया। जांच के बाद 10 मरीजों को ऑपरेशन के लिए फिट पाया गया, जिन्हें सोमवार सुबह एम्बुलेंस से चिरकुंडा स्थित अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। शेष सात मरीजों का बीपी और शुगर अधिक होने के कारण ऑपरेशन बाद में कराया जाएगा। अन्य मरीजों को निःशुल्क दवाइयां दी गईं।
आयोजकों के अनुसार मरीजों के आने-जाने, ऑपरेशन, लेंस, भोजन, रहने और दवाइयों की व्यवस्था अस्पताल की ओर से कमेटी के सहयोग से की जाएगी। शिविर में महुदा, टुंडी, भूली और धैया समेत दूर-दराज के इलाकों से लोग पहुंचे।
















