कोडरमा: सदर अस्पताल में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। एक्सरे कराने पहुंची सतगावां निवासी अलवा देवी के ऊपर एक्सरे कक्ष का जर्जर दरवाजा अचानक गिर पड़ा। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
अलवा देवी जवाहर प्रसाद यादव की पत्नी हैं। घटना के दौरान दो अन्य महिलाओं के भी घायल होने की सूचना है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना ने अस्पताल की भवन व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत और अस्पताल भवन का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है।
















