धनबाद: भूली के अमन सोसायटी गेट नंबर-1 स्थित अक्सा मस्जिद के पास मंगलवार सुबह एक कुएं से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान आजाद नगर निवासी रियाज अंसारी के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रियाज रविवार को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की और सोमवार को भूली थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। मृतक के भाई फैजल अंसारी ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना मिलते ही भूली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
















