धनबाद: दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में चिरकुंडा की तीन लड्डू निर्माण इकाइयों और झरिया के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
चिरकुंडा में जांच के दौरान लड्डुओं में प्रतिबंधित मेटानिल येलो रंग के इस्तेमाल की बात सामने आई। टीम ने करीब 1,200 किलोग्राम बूंदी के लड्डू जब्त कर मौके पर नष्ट करा दिए। खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं और तीनों इकाइयों के संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वहीं, झरिया में एक मिठाई निर्माण इकाई से 210 किलोग्राम रंगीन चीनी मिठाई और 150 किलोग्राम सेवई जब्त की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मद्रास कैफे के किचन में अस्वच्छता पाए जाने पर संचालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में हुई।
जिला प्रशासन ने कहा है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। आम लोगों से भी मिलावटी खाद्य पदार्थों या अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की सूचना विभाग को देने की अपील की गई है।
















