धनबाद: पशुपालन विभाग की सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर शारदा सिंह ने जिला पशुपालन पदाधिकारी के साथ बैठक की। बैठक में बकरी, बतख, मुर्गी और सूअर वितरण से जुड़ी जानकारी मांगी गई। साथ ही अब तक वितरित किए गए पशुओं और चयनित लाभुकों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों का चयन और वितरण पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। वितरण कार्यक्रमों में संबंधित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बाघमारा में बकरी वितरण की होगी जांच
बैठक के दौरान बाघमारा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में हाल ही में हुए बकरी वितरण की जांच कराने का निर्देश दिया गया। जांच में लाभुकों की पात्रता और वितरण प्रक्रिया की समीक्षा की जाएगी।
शारदा सिंह ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए। किसी भी तरह की अनियमितता या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
















