धनबाद: शहर के बाबूडीह स्थित वार्ड नंबर 20 में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है। ताजा मामला 4 नवंबर की रात का है, जहां चोरों ने एसएसपी कार्यालय में कार्यरत कृष्णानंद कुमार के घर को निशाना बनाया।
बताया जाता है कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। कृष्णानंद कुमार की पत्नी निभा कुमारी और बेटे पीयूष कुमार के अनुसार, चोर घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर एक गमछा भी मिला है, जिसे पुलिस के लिए अहम सुराग माना जा रहा है।
स्ट्रीट लाइट नहीं होने से लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में अंधेरा रहता है। लोगों ने वार्ड पार्षद अशोक पाल पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए लोगों ने पुलिस से नियमित गश्ती बढ़ाने, स्ट्रीट लाइट लगाने और चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस से मामले की जांच और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
















