भूली (धनबाद): भूली के सी ब्लॉक में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के पशुपालन विभाग के सांसद प्रतिनिधि रजनीश तिवारी के आवासीय कार्यालय का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि सावित्री देवी ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।
इससे पहले सावित्री देवी ने अटल स्मृति पार्क पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यालय में उनका स्वागत अंगवस्त्र, माला और पुष्पगुच्छ देकर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सावित्री देवी ने कहा कि सांसद ढुल्लू महतो की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय भूली के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संपर्क का माध्यम बनेगा।
वहीं, सांसद प्रतिनिधि रजनीश तिवारी ने कहा कि पशुपालन विभाग की सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आवारा पशुओं के संरक्षण के लिए शेल्टर निर्माण की योजना की भी जानकारी दी। साथ ही कहा कि स्थानीय लोग इस कार्यालय के माध्यम से अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा भूली मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मानस रंजन पाल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन मनोज कुमार गुप्ता ने किया।
















