गोविंदपुर (धनबाद): धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक के साथ मारपीट और छिनतई का मामला सामने आया है। अमरपुर डोमकुहली निवासी मुकेश तुरी ने थाने में लिखित शिकायत देकर सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के आवेदन के अनुसार, 6 नवंबर की रात कुछ युवक उसके घर के दरवाजे के पास कथित तौर पर गांजा और शराब का सेवन कर रहे थे। मुकेश ने इसका विरोध किया था। आरोप है कि अगले दिन 7 नवंबर को सुबह करीब 10:30 बजे रंगाडीह रोड स्थित बिल्ला चाय दुकान के पास आरोपियों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।
मुकेश का आरोप है कि विरोध करने पर उस पर लाठी से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसकी जेब से 3 हजार रुपये और चांदी की चेन छीन ली तथा मोबाइल फोन तोड़ दिया।
शिकायत में मोहित तुरी, छोटू तुरी, बबलू तुरी, मनीष तुरी, राम तुरी, अमित तुरी और भागू तुरी के नाम शामिल हैं।
FIR दर्ज नहीं होने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है और उसे FIR नंबर भी नहीं मिला है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले में कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
















