झरिया (धनबाद): भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भाजपा 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को धनबाद महानगर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष बंटी सोरेन ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
बंटी सोरेन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देना है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज में जागरूकता और स्वाभिमान की भावना जगाई थी। उनका जीवन और संघर्ष आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने बताया कि झारखंड सहित धनबाद में भी इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से बिरसा मुंडा के विचारों और योगदान को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही जनजातीय समाज के लोगों से कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की गई।
















