कतरास (धनबाद): छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कतरास पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। बाजारों में छठ पूजा की खरीदारी को लेकर बढ़ रही भीड़ को देखते हुए थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ लगातार गश्त कर रहे हैं।
पुलिस टीम बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर पैदल गश्ती कर रही है। इस दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, जाम की समस्या से बचने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
थाना प्रभारी स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है, ताकि महापर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
















