कोयलांचल: कोयला क्षेत्रों में अवैध खनन, चोरी, अनधिकृत भंडारण और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने समन्वित अभियान तेज किया है। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय खनिज संपदा की सुरक्षा और सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज’ नीति को प्रभावी बनाना है।
CISF के अनुसार, अभियान के तहत खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाया गया है।
नियमित निगरानी और संयुक्त कार्रवाई के जरिए कोयला चोरी तथा अवैध कारोबार से जुड़ी गतिविधियों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
CISF का कहना है कि अवैध कोयला खनन और परिवहन से सरकारी राजस्व के साथ राष्ट्रीय संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचता है। बल ने महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संसाधनों की सुरक्षा के लिए लगातार सतर्कता और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
















