रांची। राजधानी के बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है। वे पिछले तीन दिनों से लापता थे।
परिजनों के अनुसार, शाहिद अख्तर की तलाश लगातार की जा रही थी और इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी। खोजबीन के दौरान बड़ा तालाब की ओर जाने की आशंका जताई गई, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
बुधवार सुबह चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने तालाब से शव बरामद किया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
















