धनबाद: बाईपास बलियापुर रोड स्थित जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन परिसर में संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के चेयरमैन प्रदीप मंडल और एमडी नित्यानंद मंडल ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
चेयरमैन प्रदीप मंडल ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और न्याय प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ मौलिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की।
वहीं, एमडी नित्यानंद मंडल ने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों और बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आशीष मंडल, प्राचार्य शोभना भट्टाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
















