धनबाद के केंदुआ क्षेत्र में आज कारोबार पूरी तरह ठप रहा, जब स्थानीय व्यवसायियों ने धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क को जल्द चालू करने की मांग को लेकर स्वेच्छा से दुकानों को बंद रखा। सड़क बंद होने से व्यापार और आम जनजीवन दोनों पर गहरा असर पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
केंदुआ बाजार में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा। व्यवसायियों का कहना है कि मुख्य मार्ग बंद होने के कारण ग्राहकों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इससे छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सर्राफा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पंकज भुवानिया ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंदुआडीह क्षेत्र को ‘डेंजर जोन’ घोषित कर लोगों को जबरन बेलगड़िया शिफ्ट करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि बेलगड़िया में रोजगार के पर्याप्त साधन नहीं हैं, जिससे लोग वहां जाने को तैयार नहीं हैं।
वहीं पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा राउत ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब डीसी लाइन को पहले बंद कर बाद में फिर से चालू किया जा सकता है, तो धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग को क्यों नहीं खोला जा रहा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि केंदुआ वासी इस सड़क को बंद नहीं होने देंगे।
इधर विधायक राज सिन्हा का इस मुद्दे पर तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला एक साजिश का हिस्सा है, जिसमें प्रशासन और बीसीसीएल मिलकर सड़क को स्थायी रूप से बंद करना चाहते हैं और स्थानीय लोगों को विस्थापित करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि करीब 12 दिन पहले सड़क धंसने की घटना के बाद इस मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। फिलहाल वाहनों का संचालन डायवर्जन रूट से किया जा रहा है, लेकिन लोग जल्द से जल्द मुख्य सड़क को खोलने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें:-झारखंड पात्रता परीक्षा को लेकर सख्ती: आईरिस अटेंडेंस से होगी पहचान, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित
Follow the JP BHARAT LIVE channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7gTYlLtOj4hdQofo0E
















