धनबाद में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। हाल ही में हुई हत्या की घटना के बाद अब एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।
बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध में शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने हमला किया। किराना सामान लेने जा रहे रविन्द्र चौहान को बाइक सवार अपराधियों ने घेर लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार बाइक पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाश मौके पर पहुंचे और लगभग 8 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान एक गोली रविन्द्र चौहान के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
जान बचाने के लिए घायल युवक मौके से भागा और किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बरोरा और बाघमारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और एक बाइक जब्त की है। घायल को इलाज के लिए बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घायल रविन्द्र चौहान ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। उनका आरोप है कि होली के समय हुए मारपीट मामले में दर्ज एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था, और इसी को लेकर यह फायरिंग की गई।
लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने धनबाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें:-dhanbad चासनाला कोलियरी में मजदूरों का प्रदर्शन, बकाया वेतन को लेकर जीएम गेट जाम
Follow the JP BHARAT LIVE channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7gTYlLtOj4hdQofo0E
















