कुमारधुबी में 6.15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ कैफ उर्फ ‘लंबू’ गिरफ्तार
कुमारधुबी:
कुमारधुबी क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कुमारधुबी पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ मो. कैफ उर्फ ‘लंबू’ को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुमारधुबी बागानधौड़ा स्थित बुढ़िया खाद के पास खाली पड़े डीवीसी क्वार्टर में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही कुमारधुबी ओपी प्रभारी मैथ्यू एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
पुलिस को देख भागने लगे युवक
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे। हालांकि पुलिस ने पीछा कर मो. कैफ उर्फ ‘लंबू’ को पकड़ लिया, जबकि अन्य युवक मौके से फरार होने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवलीबाड़ी मुखिया मोहल्ला निवासी मो. कैफ उर्फ लंबू के रूप में हुई है।
6.15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक की पुड़िया बरामद की, जिसमें 6.15 ग्राम ब्राउन शुगर पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने नशे के कारोबार में शामिल धनु और दानिश का नाम बताया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
आरोपी को भेजा गया जेल
इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कैफ उर्फ लंबू को बुधवार को जेल भेज दिया।














