भागलपुर:
भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित लालूचक इलाके से पांच बच्चियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। देर रात तक सभी बच्चियां अपने-अपने घरों में थीं, लेकिन सुबह होते ही उनके गायब होने की जानकारी मिलने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
लापता बच्चियों में श्वेता कुमारी, पल्लवी कुमारी, सोनम कुमारी, गंगा कुमारी और एक अन्य बच्ची शामिल बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार के लोग लगातार बच्चियों की तलाश में जुटे हुए हैं।
सुबह होते ही घरों से गायब मिलीं बच्चियां
परिजनों के मुताबिक बच्चियां बिना किसी जानकारी के रातों-रात घर से गायब हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है तथा संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
इलाके में भय और चिंता का माहौल
एक साथ पांच बच्चियों के लापता होने की खबर फैलते ही लालूचक इलाके में भय और चिंता का माहौल बन गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से बच्चियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने की मांग की है।
मामले में बच्चियों की माताओं — शोभा देवी, रानी देवी, रीना देवी और बानो देवी — ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील की है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और बच्चियों की तलाश तेज कर दी गई है।
















